पीएलएफ के मामले में एनटीपीसी कोरबा प्रथम

कोरबा। नेशनल थर्मल पावर कारपोरेशन (एनटीपीसी) कोरबा संयंत्र में बिजली उत्पादन में भले ही गिरावट आई है, पर प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) के मामले में एनटीपीसी ग्रुप में कोरबा संयंत्र ने प्रथम स्थान हासिल किया है।
2600 मेगावाट वाले कोरबा एनटीपीसी संयंत्र में वित्तीय वर्ष 2023- 24 के लिए 21,175 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके एवज में संयंत्र से 20,516.97 मिलियन यूनिट ही बिजली का उत्पादन हो सका। जबकि पिछले वित्तीय वर्ष 2022- 23 में 20,759.68 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ था। वहीं संयंत्र ने वित्तीय वर्ष 2023- 24 प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) 89.84 प्रतिशत दर्ज किया है, जबकि वित्तीय वर्ष 2022- 23 में संयंत्र का पीएलएफ 91.15 प्रतिशत था। हालांकि कोरबा संयंत्र का वित्तीय वर्ष 2023- 24 का देश में स्थित एनटीपीसी के अन्य संयंत्रों के मुकाबले सबसे अधिक है। उधर 2980 मेगावाट उत्पादन क्षमता वाले सीपत एनटीपीसी संयंत्र में 22,700 मिलियन यूनिट उत्पादन लक्ष्य के मुकाबले 22358.84 मिलियन यूनिट उत्पादन हुआ है। वर्ष 2022-23 में आंकड़ा 21,168 मिलियन यूनिट रहा। पीएलएफ की बात करें, तो सीपत ने इस बार 85.42 प्रतिशत का आंकड़ा छू लिया है। बीते वर्ष 81.09 प्रतिशत रहा। उधर 1600 मेगावाट क्षमता वाले एनटीपीसी लारा प्रोजेक्ट में भी उत्पादन व पीएलएफ बीते वर्ष के आंकड़ों के इर्द गिर्द ही रहा। 12 हजार मिलियन यूनिट उत्पादन के मुकाबले 11,751.58 मिलियन यूनिट उत्पादन हुआ। वर्ष 2022-23 में 11,685 मिलियन यूनिट रहा। इस बार पीएलएफ 83.61 प्रतिशत पहुंचा, वहीं बीते वर्ष में 83.67 प्रतिशत रहा।

RO No. 13467/11