शावक सहित हाथियों की उपस्थिति से काफी देर बाधित हुआ जटगा-गुरसिया मार्ग एनएच-130बी पर भी पेश आ रही इस तरह की समस्याएं

कोरबा। जिले के गुरसिया-जटगा मार्ग पर आज सुबह आधा दर्जन हाथी सडक़ पार करते नजर आए। इसके बाद यहां लोगों की आमदरफ्त थम गई। सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे और हाथियों को सडक़ पार करने के बाद जंगल की ओर खदेड़ा। इस दौरान मार्ग पर आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों के घंटों प्रयास के बाद हाथी सडक़ से आगे बढ़े। हाथियों के दल में बेबी एलीफेंट भी थे। बताया जाता है कि कटघोरा वनमंडल के एतमानगर व केंदई रेंज में बड़ी संख्या में हाथी विचरण कर रहे हैं। यहां विचरणरत हाथियों के दल में से आधा दर्जन हाथी आज सुबह मुख्य मार्ग पर पहुंच गए और सडक़ को पार करने लगे। हाथियों को अचानक सडक़ पार करते देख वहां से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दी। जिस पर वे मौके पर पहुंचे और मार्ग पर आवाजाही को रोकने के साथ हाथियों को सडक़ पार करने की व्यवस्था की। हाथियों के सडक़ पार करने के बाद जंगल जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली। इससे एक दिन पहले एक दंतैल हाथी शाम को चोटिया के निकट एनएच पर पहुंच गया था। दंतैल को सडक़ पर देख वहां से गुजर रहे लोग दहशत में आ गए। दंतैल काफी देर तक एनएच पर विचरण करता रहा। बाद में इसके जंगल की ओर जाने पर जाम में फंसे लोग अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।उधर वन विभाग के अधिकारियों के पास यही जवाब है कि हाथियों को नियंत्रित किया जाना संभव नहीं हैं। वे जंगल के जीव हैं और यहीं उनका बसेरा है। अपनी जरूरत पूरा करने के लिए वे यहां पहुंचते हैं।

RO No. 13467/11