
लुधियाना। लुधियाना में एक वैन सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो बच्चों सहित चार लोगों की मौत की खबर सामने आई है। यह घटना लुधियाना के पोवाट गांव के पास हुई है। वैन में 17 यात्री सवार थे। जानकारी के अनुसार यात्रियों को ले जा रही वैन के सामने अचानक से मोटरसाइकिल आने के बाद वैन का नियंत्रण बिगड़ गया। जिसके कारण भीषण हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक वैन एक पेड़ से टकरा गई। वैन से तीन बच्चे पास की नहर में गिर गए, उनमें से दो डूब गए और उनके शव बरामद कर लिए गए। जबकि तीसरे बच्चे की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे में 17 यात्रियों में से दो महिलाओं की भी मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही 12 अन्य घायल हो गए जिन्हें बचा लिया गया। पुलिस ने कहा कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि ये यात्री पायल शहर के पास निजामपुर गांव के निवासी हैं और हिमाचल प्रदेश के गुरुद्वारा बाबा बरभाग सिंह से प्रार्थना करके लौट रहे थे।




























