विजयवाड़ा। आंध्र प्रदेश में तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) ने बंपर जीत दर्ज की है। एनडीए के साथ लड़े चुनाव में चंद्रबाबू नायडू की पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस बीच लोकसभा चुनाव में भाजपा को बहुमत नहीं मिला और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) भी 300 के आंकड़े से चूक गया। तब से ही अटकलें लगाई जाने लगीं कि तेदेपा और जदयू से इंडिया के घटक दल बात करेंगे और उन्हें अपने साथ आने के लिए मनाएंगे। इस बीच तेदेपा प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा कि आप हमेशा खबरें चाहते हैं। मैं अनुभवी हूं और मैंने इस देश में कई राजनीतिक बदलाव देखे हैं। हम एनडीए में हैं, मैं एनडीएकी बैठक में जा रहा हूं। चुनाव संपन्न होने के बाद दिल्ली जाने से पहले यह मेरी पहली प्रेस वार्ता है। मैं मतदाताओं के समर्थन से बहुत खुश हूं। राजनीति में उतार-चढ़ाव आम बात है। इतिहास में कई राजनीतिक नेताओं और पार्टियों को बाहर कर दिया गया है। यह एक ऐतिहासिक चुनाव है। यहां तक कि विदेशों से भी मतदाता अपने वोट का प्रयोग करने के लिए अपने गृहनगर लौट आए हैं।