जबलपुर में बिजली कटौती के कारण सहायक यंत्री के केबिन में घुसी भीड़, मारपीट-तोड़फोड़

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में तेज गर्मी और बार-बार बिजली कटौती की लगातार शिकायत के बाद समस्या का समाधान नहीं होने से आक्रोशित लोग उग्र हो गए। बिजली कंपनी की अव्यवस्था और अधिकारियों के अभद्रता से आक्रोशित भीड़ ने सहायक यंत्री के केबिन की कुर्सियां फेंक दीं। मेज पलटा दी। कार्यालय में तोड़फोड़ की। पुलिस, बिजली कंपनी के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हस्तक्षेप किया। बिजली कंपनी के नगर परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विजय नगर संभाग में गत कई दिनों से विद्युत आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही थी। स्थानीय लोग मासिक बिजली बिल में भी विसंगति की शिकायत कर रहे थे। स्थानीय लोगों का आराेप है कि उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा था। सहायक यंत्री इमरान खान असंयत उत्तर देते थे। निरंतर शिकायतें मिलने पर बुधवार को कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं को लेकर स्थानीय जन उखरी स्थित बिजली कंपनी के कार्यालय गए। जहां, बातचीत के दौरान बिजली कंपनी के अधिकारियों के रवैये से सभी रुष्ट हो गए। आरोप-प्रत्यारोप, कहासुनी के बीच तनातनी इतनी बढ़ गई कि मारपीट की नौबत बन गई।

RO No. 13467/11