मोदी के दोस्त ओम माथुर बन सकते है भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष

दिल्ली । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के केंद्र सरकार में मंत्री बनने के बाद अब पार्टी को नए अध्यक्ष का चुनाव करना होगा। लोकसभा चुनाव के नतीजे और भाजपा संघ के भीतर बनी असहज स्थिति के बाद इस बात की प्रबल संभावना है कि नए अध्यक्ष के चयन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। इसके अलावा, भाजपा की नई टीम में भी काफी बदलाव आ सकता है। अध्यक्ष की दौड़ में ओम माथुर का नाम आगे है। भाजपा अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया में थोड़ा समय लग सकता है, क्योंकि पार्टी के संगठन चुनाव भी जल्द शुरू होंगे, जिनके पूरा होने में लगभग छह माह का समय लगेगा। ऐसे में केंद्रीय संसदीय बोर्ड तब तक नड्डा को अध्यक्ष बनाए रखकर कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति कर सकता है या वह नए अध्यक्ष की नियुक्ति भी कर सकता है। सूत्रों के अनुसार, दोनों ही स्थितियों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूमिका अहम होगी। संघ सीधे तौर पर भाजपा के कामकाज में दखल नहीं देता है, लेकिन संघ का आनुषंगिक संगठन होने के नाते भाजपा संगठन का ताना-बाना संघ ही बुनता है। संघ से आए पूर्णकालिक प्रचारक भाजपा में संगठन महामंत्रियों की भूमिका निभाते हैं चाहे वह केंद्रीय स्तर पर हों या फिर राज्यों में।

RO No. 13467/11