
रायपुर।
छत्तीसगढ़ कोल स्कैम मामले में निलंबित आईएएस रानू साहू, समीर बिश्नोई और सौम्या चौरसिया की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। ये तीने अधिकारी इस मामले में लगातार घिरते जा रहे हैं। इसी बीच अब ईडब्ल्यूओ और एसीबी ने तीनों के खिलाफ एक और मामला दर्ज कर लिया है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत यह मामला दर्ज किया है।
यह एफआईआर तीनों निलंबित अधिकारियों के खिलाफ अलग-अलग दर्ज किया गया है। ईओडब्ल्यू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि सौम्या चौरसिया और उनके परिवार के नाम 9 करोड़ 20 लाख रुपए की 29 अचल संपत्ति होने की पुष्टि की है। इधर, रानू साहू पर साल 2015 से 2022 तक करीब चार करोड़ रुपए की अचल संपत्ति खुद के नाम से और पारिवारिक सदस्यों के नाम से खरीदने का आरोप लगा है।
जबकि उनके सेवा में आने के बाद से 2022 तक का कुल वेतन 92 लाख रुपए बताया जा रहा है। वहीं समीर बिश्नोई की बात की जाए तो उनके पास साल 2010 से 2022 तक का कुल वेतन 93 लाख रुपए है। इस दौरान उन्होंने अपनी पत्नी प्रीति गोधरा के नाम से 5 करोड़ रुपए की कई अचल संपत्ति ले रखी है। जो उनके वेतन से 5 गुना ज्यादा है।