कोरबा। पिछली मध्य रात्रि को कोयलांचल कुसमुंडा स्थित मुस्कान पेट्रोल पंप में आगजनी की घटना हो गई। परिसर में खड़े पांच दो पहिया वाहन आग की चपेट में आकर समाप्त हो गए। बड़ी बात यह रहेगी पेट्रोल पंप का संवेदनशील क्षेत्र इसकी चपेट में नहीं आ सका और एक बड़ा हादसा टल गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने सूचना मिलने पर यहां बचाव और राहत कार्य किया।
बताया गया कि रात्रि 12:30 बजे के आसपास यह घटना मुस्कान पेट्रोल पंप में हुई। बाकी मुंगरा रोड पर स्थित पेट्रोल पंप का संचालन पिछले 2 साल से हो रहा है। 24 घंटे वाहन चालकों को डीजल पेट्रोल की सुविधा यहां से उपलब्ध हो रही है। कोलफील्ड इलाके में होने के कारण पंप पूरे समय व्यस्त रहता है। बताया गया कि मध्य रात्रि को यहां एकाएक आग लगी और ईसने बाहरी परिसर में मौजूद पांच दोपहिया को अपने दायरे में ले लिया। यह घटना बहुत जल्द हुई और ना तो किसी को समझ में आया और ना ही समझने का मौका मिला कि वे छोटी गाडिय़ों को जलने से बचा सके। संवेदनशील क्षेत्र में आगजनी की इस घटना ने पेट्रोल पंप के संचालक के साथ-साथ कर्मियों और आसपास के लोगों को मुश्किल में डाल दिया। मौके पर उपलब्ध रेत और फायर एक्सटिंग्विशर के माध्यम से आगजनी को कंट्रोल करने की कोशिश की गई लेकिन यह नाकाम रहा। इस बीच कुसमुंडा पुलिस को अवगत कराया गया मामला गंभीर था इसलिए तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। एसईसीएल कुसमुंडा और नगर निगम से पहुंची दमकल के द्वारा अग्नि पर नियंत्रण किया गया। कुसमुंडा पुलिस थाना प्रभारी रूपक शर्मा ने बताया कि मध्य रात्रि को हुई इस घटना अपने आप में काफी गंभीर थी। देवयोग से आग का फैलाव ज्वलनशील पदार्थ के क्षेत्र में नहीं हो सका अन्यथा स्थिति कुछ और हो सकती थी। आगजनी पर नियंत्रण होने से व्यावसायिक प्रतिष्ठान के संचालक सहित आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। बताया गया कि पेट्रो कंपनी को इस बारे में जानकारी दी गई है जिस पर संबंधित अधिकारी यहां का जायजा लेने के लिए आज पहुंच रहे हैं। पेट्रोल पंप क्षेत्र में घटना आखिर कैसे हुई यह अभी भी रहस्य बना हुआ है क्योंकि इसकी कोई ठोस वजह सामने नहीं आ सकी है।