अहमदाबाद , २४ जुलाई।
गुजरात और उत्तर प्रदेश में बाढ़ के बाद हालत खराब हो गए हैं। गुजरात में नदियां उफान पर है। वहीं, उत्तर प्रदेश में बाढ़ के कारण कई लोगों की मौत का मामला सामने आया है। इधर, दिल्ली में भी भारी बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुजरात के सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में भारी बारिश जारी है, जिसके कारण कई क्षेत्र जलमग्न हो गए और नदियां उफान पर हैं। पोरबंदर, जूनागढ़ और देवभूमि द्वारका में जनजीवन अस्त व्यस्त है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश के 13 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। यहां भारी बारिश के कारण हुए हादसों में 13 लोगों की मौत हो गई। कई गांव बाढ़ के कारण जलमग्न हो गए। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाढ़ के हालातों की खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में बारिश देखने को मिली, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है।मौसम विभाग ने आज गुजरात, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र में रेड अलर्ट जारी किया है। यहां कई क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में भी भारी बारिश का अनुमान है। वहीं 26 जुलाई तक ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश होगी। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं, राजस्थान में उमस लोगों को परेशान करेगी।
दिल्ली-नोएडा में बारिश से सडक़ों पर भरा पानी, कई इलाकों में ट्रैफिक जाम….
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार की सुबह झमाझम बारिश के साथ हुई। बारिश से मौसम खुशनुमा होने के साथ लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिली।नोएडा के सेक्टर-52 स्थित एक्वा लाइन मेट्रो स्टेशन के नीचे सडक़ पर जलभराव हो गया है। दूसरी ओर कई जगहों पर सडक़ों पर जलभराव होने से सुबह ऑफिस और स्कूल जाने के लिए घरों से निकले लोगों को भारी परेशानी से जूझना पड़ रहा है। कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है।
छत्तीसगढ़ के 30 जिलों में आज झमाझम बरसेंगे बादल….
रायपुर । छग में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना चताई है। साथ ही कई जिलों के लिए अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के एक दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना हैं। राजधानी में आज बुधवार को आकाश मेघमय रहेगा और गरज-चमक के साथ बारिश होगी। शहर का अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह भी कहा कि प्रदेश के 11 जिलों में मध्यम बारिश होगी। साथ ही 19 जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के इस चेतावनी के बाद लोगों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के बलौदा बाज़ार, बेमेतरा, जंजगीर चांपा, कबीरधाम, बिलासपुर, महासमुंद, मुंगेली, रायगढ़, रायपुर, सक्ति, सारंगढ़-बिलाईगढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।