मंदसौर। मंदसौर जिले में गुरुवार रात में दो गांव के लोगों में आपसी विवाद के चलते लगभग 100 से अधिक लोग शामगढ़ थाने पहुंचे थे। थाना परिसर में ही दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इनमें बीच-बचाव करने गए एसआई अविनाश सोनी को भी भीड़ ने पीट दिया।एसआई के सिर में गंभीर चोट लगी है। शामगढ़ अस्पताल में सिर में 12 टांके लगाने के बाद मंदसौर रेफर किया गया है। एक आरक्षक के हाथ में फ्रेक्चर हुआ है। एक प्रधान आरक्षक को भी चोट लगी है। मिली जानकारी के अनुसार शामगढ़ थाने के ग्राम बडख़ेड़ा और खेड़ा देवीसिंह के ग्रामीणों के बीच किसी मामले को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार शाम को भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। उसके बाद रात में दोनों पक्षों के लगभग 100 से अधिक लोग थाने पर पहुंचे। यहां किसी बात को लेकर फिर दोनों पक्षों के लोग झगड़ा करने लगे। थाना परिसर में ही हंगामा और मारपीट होने पर बीच-बचाव के लिए उप निरीक्षक अविनाश सोनी उनके बीच पहुंचे।