
बैकुण्ठपुर। तीन रंगों से सजा हुआ हमारा राष्ट्रीय ध्वज हमारी पहचान है और इस ध्वज की गरिमा से हम सब उल्लास और ऊर्जा का अनुभव करते हैं। देशभक्ति की लहर जगाने वाला हमारा तिरंगा हमारे राष्ट्रीय गौरव का परिचायक है।
इसी गर्व की अनुभूति के साथ कोरिया जिले के हर गांव गली में तिरंगे की ससम्मान यात्राएं आयोजित की जा रही हैं। तिरंगा सप्ताह के दौरान होने वाले आयोजनों का मुख्य उद्देश्य हर गांव गली तक देशभक्ति का जज्बा पैदा करना है साथ ही हमारी आजादी के लिए जिन वीर सपूतों ने अपने प्राणों को न्यौछावर कर दिया उन सभी के बलिदान को याद करना भी है। उक्ताशय के विचार व्यक्त करते हुए जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि कोरिया जिले की कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में कोरिया जिले के हर ग्राम पंचायत में उल्लास और पूरे गरिमा के साथ तिरंगा यात्राओं का निरंतर आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों में लोकसेवकों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि बढ़-चढक़र हिस्सा ले रहे हैं। इससे पूरे जिले में एक अलग ही सकारात्मक माहौल तैयार हो रहा है। ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सरपंच के नेतृत्व में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए बाइक रैली के साथ ही पैदल मार्च भी किया जा रहा है। साथ ही प्रत्येक ग्राम में आम नागरिकों को अपने घरों में तिरंगा सम्मानपूर्वक लगाए जाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। डॉ आशुतोष ने बताया कि तिरंगा सप्ताह के दौरान हर घर तिरंगा कार्यक्रम से जुडऩे वाले प्रत्येक आम नागरिक को झंडे से जुड़े हुए कुछ प्रोटोकाल सदैव ध्यान में रखने चाहिए। नागरिक जो तिरंगा अपने घरों में सम्मानपूर्वक लगा रहे हैं उनमें रंगों का क्रम सही हो, तिरंगा प्लास्टिक का बना हुआ ना हो। सभी यह ध्यान रखें की झंडा सदैव सीधा रहे और पर्याप्त ऊंचाई रखी जाए। झंडे को गंदा ना होने दें और फटे हुए झंडे को कदापि ना फहराएं। उन्होंने कोरिया वासियों से आग्रह किया है कि तिरंगा हम सबकी राष्ट्रीय गरिमा की पहचान है इसलिए इसके सम्मान का सदैव ध्यान रखें और देशभक्ति के इस आयोजन में पूरे उल्लास के साथ सहभागी बने।