
मनेंद्रगढ़। अंबिकापुर मनेंद्रगढ़ मार्ग व खरसिया रोड पर इस बारिश में जल जमाव की स्थिति ने लोगों को मुश्किल में डाल दिया है। दिल्ली से लौटते ही सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, कलेक्टर विलास भोसकर को दो पहिया वाहन में बिठाकर जायजा लेने निकले। नगर के आंबेडकर चौक से माखन विहार तक पांच ऐसे स्थान हैं जहां पर पानी निकासी की समस्या उत्पन्न हो गई है। इन स्थानों को फिलहाल प्राथमिक रूप से दुरुस्त करने कहा गया है। 15 सितंबर के बाद बनाई गई योजना के अनुरूप सडक़ निर्माण करने कहा गया है। नागरिकों को तत्काल राहत देने लगातार सडक़ की मरम्मत करने कहा गया है। जल भराव की स्थिति को सांसद और कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों से समझा आसपास के लोगों से भी बातचीत की। सांसद व कलेक्टर इसके बाद भारत माता चौक के आगे खरसिया रोड पर भी पहुंचे जहां जल जमाव की स्थिति निर्मित होती है। नगर निगम आयुक्त प्रकाश सिंह राजपूत, ईई पीडब्लूडी वीके बेदिया, ईई एनएच नितेश तिवारी एवं अनुविभागीय अधिकारी फागेश सिन्हा,पार्षद आलोक दुबे,कैलाश मिश्रा, मुकेश तिवारी,हरमिंदर सिंह टिंन्नी, विकास वर्मा, विनोद हर्ष मौके पर मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान ईई एनएच नितेश तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 43 मनेंद्रगढ़ रोड में पांच स्थल पर जलभराव की समस्या का सामना लोगों को करना पड़ता है।इनमें पीजी कालेज के सामने, होलीक्रास स्कूल के पास, होटल माखन विहार के पास, होटल शैलगिरी और अजिरमा बैरियर के पास सडक़ पर जलभराव होता है। सांसद ने अधिकारियों को इस समस्या के तत्काल हो सकने वाले निराकरण के उपायों को अपनाने कहा जिससे लोगों को सहूलियत मिल सके। कलेक्टर द्वारा इन स्थानों पर नगर निगम आयुक्त को नाली निर्माण किए जाने हेतु कार्ययोजना में लेने निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि आमजनता की सुविधा हेतु शीघ्र ही काम शुरू कराएं और पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि यदि कहीं अतिक्रमण हटाने की आवश्यकता हो तो ऐसे स्पॉट भी चिन्हांकित कर लिए जाएं। ईई एनएच ने सांसद चिंतामणि महाराज और कलेक्टर को बताया कि बताया कि बनारस चौक से पीजी कालेज तक नाली निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाना है। स इन सभी स्थलों पर सडक़ की उंचाई बढ़ाते हुए नवीन सडक़ निर्माण, नाली निर्माण सहित रेन वाटर हार्वेस्टिंग का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजते हुए सप्ताह के भीतर कार्रवाई की जाएगी। सांसद चिंतामणि महराज ने इस दौरान खरसिया नाका से रायगढ़ रोड में भारत पेट्रोलियम पंप के पास सडक़ पर जलभराव की स्थिति का भी निरीक्षण किया। हर साल होने वाले जलभराव के संबंध में ईई एनएच द्वारा अवगत कराया गया कि इस स्थान पर महामाया पहाड़ का पानी निकासी होता है। पानी निकासी की व्यवस्था न होने के कारण सडक़ पर जलभराव की समस्या होती है। इसके प्रबंधन हेतु कलेक्टर द्वारा मास्टर प्लान विकसित करने हेतु नगर निगम आयुक्त एवं एसडीएम को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग से समन्वय करने हेतु कार्ययोजना बनाने हेतु निर्देशित किया गया।
सांसद एवं कलेक्टर ने खरसिया चौक से दरिमा मोड़ तक फोरलेन कांक्रीट सडक़ का प्राक्कलन तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया। पहली बार सरगुजा का कोई सांसद अंबिकापुर शहर में जल जमाव की समस्या को लेकर गंभीर दिखा है। इससे पहले किसी भी सांसद को शहर की बदहाली को लेकर अधिकारियों के साथ बाइक में निकलकर निरीक्षण करते नहीं देखा गया था। सांसद चिंतामणि महाराज ने इसे गंभीरता से लिया है और अधिकारियों से कहा है कि इसे ऐसा दुरुस्त करें कि दोबारा यह समस्या उत्पन्न ही न हो। यह मुख्य मार्ग है, हजारों लोगों का आना-जाना होता है। शहर का प्रवेश मार्ग है, यदि इसकी हालत ऐसी रहेगी तो क्या संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि राशि की उपलब्धता भी मैं सुनिश्चित कराऊंगा। मनेंद्रगढ़ मार्ग पर जहां खस्ताहाल स्थिति है वहां दो दिन पहले कांग्रेस के शैलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में धान का रोपा लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया गया था। मौके पर अधिकारी भी पहुंचे थे। सभी ने आश्वासन दिया था कि बरसात में सडक़ तो नहीं बन पाएगी पर व्यवस्था ठीक करने का प्रयास किया जाएगा। इधर सोमवार से मरम्मत का काम भी आरंभ हो गया है।





















