
कीव। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूक्रेन यात्रा पर दुनिया की नजरें टिकी थी। वहीं, पीएम मोदी अपनी एक दिवसीय यात्रा पूर्ण करके यूक्रेन से वापस लौट गए हैं। इस दौरान उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के साथ द्विपक्षीय बैठक की। राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने यूक्रेन-रूस के बीच चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए भारत की भूमिका को लेकर बड़ा बयान दिया है। जेलेंस्की ने कहा कि भारत बड़ा देश है जो पुतिन को रोक सकता है। उन्होंने कीव में एएनआई से बात करते हुए कहा कि भारत अपनी भूमिका निभाएगा। मुझे लगता है कि भारत ने यह पहचानना शुरू कर दिया है कि यह सिर्फ युद्ध नहीं है, यह एक व्यक्ति पुतिन का एक पूरे देश, यूक्रेन के खिलाफ असली युद्ध है। आप एक बड़े देश हैं। आपका प्रभाव बहुत बड़ा है और आप पुतिन को रोक सकते हैं और उनकी अर्थव्यवस्था को रोक सकते हैं और उन्हें वास्तव में उनकी जगह पर ला सकते हैं।






















