
कोरबा। कोरिया, चिरमिरी व कोरबा में लगातार बारिश से हसदेव बांगों बांध लबालब हो गया है। शनिवार की देर रात जहां 3 गेट खोले गए थे। वहीं रातभर कोरिया में झमाझम बारिश होने से रविवार की सुबह बांगो बांध का जलस्तर 98 फीसदी के आसपास पहुंच गया। ऐसे में 2 गेट और खोलकर पानी नीचे हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक बांगो बांध से गेट के जरिए 50 हज़ार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। डुबान क्षेत्र में इससे हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है।
निचली बस्ती में बाढ़ की स्थिति, सुरक्षित स्थान पर लेवें शरण: एसडीओ
दर्री बरॉज के एसडीओ शिवनारायण साय ने बताया कि रात 12 बजे के बाद बांगो बांध से 25 से 30 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया और आज 50 हजार क्यूसेक तक पानी छोड़े जाने की सूचना है। पहले ही दर्री बाराज का गेट खोलने से निचली बस्ती में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। लगातार पानी छोड़ने से निचली बस्तियों में खतरा पैदा हुआ है अब बांगो बांध का गेट खुलने से निचली बस्तियों में पानी और भरने की संभावना है। इसके मद्देनजर जल संसाधन विभाग अलर्ट मोड पर आ गयाा है। नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वालों के साथ-साथ बाढ़ प्रभावित इलाके के लोगों को पहले ही अलर्ट किया जा चुका है कि वे सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।