
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मंगलवार रात लगातार तीन घंटे तक हुई वर्षा के बाद वरुणावत पर्वत पर एक बार फिर भूस्खलन होने लगा। 45 मिनट के अंतराल में पहाड़ी से पांच बार भूस्खलन हुआ। बड़ी मात्रा में पत्थर और मलबा गिरने से मस्जिद मोहल्ला, जल संस्थान कालोनी और गोफियारा क्षेत्र में दहशत फैल गई।
50 परिवारों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली
लगभग 50 परिवार आनन-फानन घरों से भागे और सुरक्षित स्थानों पर शरण ली। घटना की जानकारी मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन सक्रिय हो गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, अपर जिलाधिकारी रजा अब्बास, उप जिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी तत्काल जिला आपदा परिचालन केंद्र में पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

























