
ढाका, १६ सितम्बर ।
बांग्लादेश में अब परमाणु संपन्न देश बनाने की मांग उठी है। पाकिस्तान की मदद से बांग्लादेश परमाणु संपन्न बनना चाहता है। यह मांग ढाका विश्वविद्यालय के प्रोफेसर शाहिदुज्जमां ने की है। उसका तर्क है कि भारत का मुकाबला करने की खातिर पाकिस्तान के साथ परमाणु संधि होना चाहिए। शेख हसीना के देश छोडऩे के बाद से ही बांग्लादेश में भारत विरोधी बयानों को खूब हवा दी जा रही है। बड़ी संख्या में लोग पाकिस्तान के साथ दोस्ताना रिश्तों की बात अब खुलकर करने लगे हैं। बांग्लादेश बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले भारत की खिलाफत और पाकिस्तान के पैरोकारों की संख्या बांग्लादेश में तेजी से बढ़ रही है। इसी में एक नाम प्रोफसर शाहिदुज्जमां का भी है। एक सेमिनार को संबोधित करते हुए प्रोफेसर शाहिदुज्जमां ने कहा, हमें पाकिस्तान के साथ परमाणु संधि करनी होगी। पाकिस्तान बांग्लादेश का सबसे भरोसेमंद और विश्वसनीय सुरक्षा सहयोगी है। मगर भारतीय के लोग नहीं चाहते हैं कि हम इस पर विश्वास करें। अपने संबोधन में प्रोफेसर शाहिदुज्जमां ने कहा, भारत की आदतन धारणा को बदलने की खातिर सही जवाब यह होगा कि हम परमाणु संपन्न देश बनें। परमाणु सक्षम होने का मतलब यह नहीं है कि हमें परमाणु शक्ति बन जाना चाहिए। परमाणु सक्षम होने से मेरा अर्थ यह है कि हमें अपने पूर्व प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ परमाणु संधि कर लेनी चाहिए। बांग्लादेशी प्रोफेसर ने आगे भी भारत के खिलाफ जहर उगला। उसने कहा कि पाकिस्तान की तकनीक के बिना भारत को नहीं रोका जा सकता है। बांग्लादेश को पाकिस्तान की तरफ झुकना चाहिए। पाकिस्तान हमारे लिए सबकुछ करने को तैयार है। वह नहीं चाहते हैं कि हम भारत के साथ रहे। प्रोफेसर शाहिदुज्जमां ने पाकिस्तानी मिसाइलों को बांग्लादेश में तैनात करने की बात भी कही। उसने कहा कि हमें पाकिस्तान से परमाणु मिसाइलें हासिल करना चाहिए। अगर पाकिस्तान की गौरी शॉर्ट-रेंज मिसाइलों को उत्तरी बांग्लादेश और अन्य पहाड़ी स्थानों पर तैनात करते हैं तो भारत पर इसका असर पड़ेगा।















