
जांजगीर नैला। जिला व ब्लाक मुख्यालय में संचालित हायर सेकेण्डरी स्कूलों को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय बनाने के बाद यहां के छात्र छात्रा नि:शुल्क गणवेश वितरण योजना से वंचित हो गए है। दरअसल इन स्कूलों में पढऩे वाले छात्र छात्राओं को लगातार तीन सत्र से यूनिफार्म नहीं मिल पा रहा है। जबकि अन्य सरकारी स्कूलों में गणवेश वितरण का कार्य निधि गति से जारी है।
जिला मुख्यालय जांजगीर सहित जिले के सभी ब्लॉक में दर्जन भर से अधिक स्वामी उत्कृष्ट हिन्दी एवं जीजी माध्यम विद्यालय संचालित है। इनमें जिला मुख्यालय जांजगीर चांपा पामगढ़ अकलतरा बलौदा,सारागांव अफरीद पौडीकल्ला आदि जगहों पर उत्कृष्ट विद्यालय चल रहे हैं। जहां पढऩे वाले बच्चों की संख्या साढ़े 7 हजार से अधिक है। इन बच्चों को निशुल्क पुस्तके मिलती है। इसके आलावा छात्राओं को सरस्वती सायकल योजना से भी लाभान्वित किया जा रहा है, लेकिन गणवेश वितरण चालू सत्र के अलावा बीते दो सत्रों से नहीं हो रहा है।
गौरतलब है कि शासन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार योजनाएं चलाई जा रही है और शासकीय स्कूलों से लोगों का मोह भंग ना हो इसको लेकर नि:शुल्क पुस्तक के अलावा गणवेश प्रदान करने की योजना बीते कई सालों से चली आ रही है, लेकिन शासन की गणवेश वितरण योजना का लाभ स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में पढऩे वाले छात्र छात्राओं को नहीं मिल पा रहा है। विभागीय जानकारी के मुताबिक जांजगीर चांपा जिले में दर्जन भर के करीब शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी व हिन्दी माध्यम विद्यालय के रूप में विकसित किया गया है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की यह योजना भाजपा शासनकाल में भी चल रही है, लेकिन विडंबना यह है कि आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में पढऩे वाले छात्र छात्राओं को शासन से मिलने वाला गणवेश बीते तीन सालों से नहीं मिल पाया है। बताया जाता है कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में जब आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय प्रारंभ किया गया, उसी दौरान पढऩे वाले छात्र छात्राओं को नि:शुल्क गणवेश प्रदान किया गया था, इसके बाद से लगातार तीन शिक्षा सत्र से यहां के बच्चों को गणवेश नहीं मिल पा रहा है।






















