
सूरजपुर। दो दिनों से आठ हाथियों का दल बिहारपुर इलाके में उत्पात मचा रहा है। जंगल से लगे गांवों में पहुंचकर हाथियों द्वारा खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। हाथियों का दल बिहारपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम कछिया, पड़वारी, नवडीहा व मोहरसोप में फसलों को रौंद रहा है। ग्रामीणों में भय की स्थिति निर्मित है। वन अमला मुनादी कराकर ग्रामीणों को सजग करने में जुटा है। हाथियों के दल में दंतैल व मादा हाथियों के साथ ही दो बच्चे भी शामिल है। जिले के दूरस्थ बिहारपुर चांदनी समेत प्रेमनगर व प्रतापपुर इलाके में लंबे समय से हाथियों की आवाजाही बनी हुई है। सैकड़ो किसानों की फसलों को रौंदने के साथ ही कई ग्रामीणों के घरों को हाथियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। तमाम कोशिशों के बावजूद वन अमला हाथियों को खदेड़ पाने में नाकाम रहा है। वन मंडल सूरजपुर के बिहारपुर वनपरिक्षेत्र में गुरुवार की देर शाम प्रतापपुर इलाके से पहुंचा आठ हाथियों के दल ने कछिया समेत पड़वारी, नवडीहा व मोहरसोप गांवो में किसानों की खेतो में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है। रातभर खेतो में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाने के बाद हाथियों का दल गांव से लगे गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र के जंगल में चला गया। दिनभर विश्राम करने के बाद देर शाम हाथियों का दल जंगल से लगे गांव की तरफ अपना रुख कर लेता है।























