नायब सैनी आज चुने जाएंगे विधायक दल के नेता, अमित शाह रहेंगे मौजूद; सभी तैयारियां पूरी

चंडीगढ़। हरियाणा में बुधवार से नई सरकार के गठन की प्रक्रिया आरंभ होने जा रही है। राज्य में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बना रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को बुधवार को भाजपा विधायक दल का नेता चुनने की औपचारिकता पूरी की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की ओर से चुनाव से पहले ही नायब सिंह सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री घोषित किया जा चुका है। 17 अक्टूबर को प्रधानमंत्री की मौजूदगी में नायब सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नायब सिंह सैनी ने नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का मंगलवार को जायजा भी लिया।
अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की मौजूदगी में होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने सभी पार्टी विधायकों को लगातार दो दिन चंडीगढ़ में रहने को कहा है। हरियाणा में विधायक दल का नेता चुनने के लिए अमित शाह के स्वयं आने से तमाम तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।

RO No. 13467/10