नईदिल्ली, २७ अक्टूबर ।
कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट की बेटी के खिलाफ भाजपा नेता वसंतराव देशमुख की आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद अहिल्यानगर (पूर्व नाम अहमदनगर) जिले के संगमनेर में बवाल हो गया है। कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। भीड़ ने एक पुलिस थाने का शुक्रवार रातभर घेराव किया। आगजनी भी की गई और सडक़ जाम कर दिया गया। पुलिस थाने के बाहर धरना दिया जा रहा है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। देशमुख ने शुक्रवार को संगमनेर में भाजपा नेता सुजय विखे पाटिल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बालासाहेब थोराट की बेटी जयश्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
पेशे से डाक्टर जयश्री पिता के लिए प्रचार कर रही हैं, जो संगमनेर निर्वाचन क्षेत्र से नौवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं।सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं ने शक्रवार रात 10 बजे से शनिवार सुबह 6 बजे तक संगमनेर तालुका पुलिस स्टेशन का घेराव किया। उन्होंने देशमुख तथा सुजय विखे पाटिल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जयश्री ने देशमुख के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।उन्होंने कहा, मैंने ऐसा क्या किया है कि मेरे बारे में शर्मनाक तरीके से बात की जा रही है। आलोचना का मानक होना चाहिए।वहीं, सुजय ने दावा किया कि जयश्री उनकी बहन जैसी है, उन्होंने उनके खिलाफ कुछ नहीं कहा, लेकिन बैठक के बाद, सैकड़ों गुस्साए प्रदर्शनकारी पेट्रोल के डिब्बे लेकर वहां पहुंचे और कई वाहनों में आग लगा दी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा है कि जयश्री के बारे में अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। ऐसी भाषा महिलाओं के प्रति भाजपा की मानसिकता दर्शाती है। इस घटनाक्रम को लेकर मुंबई में बालासाहेब ने कहा कि उनकी बेटी इस स्थिति से निपटने में सक्षम है। राकांपा (शरदचंद्र पवार) के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने दावा किया कि इन टिप्पणियों से महिलाओं के बारे में भाजपा का असली चेहरा सामने आ गया है। एक्स पर देशमुख की टिप्पणियों का वीडियो साझा करते हुए, शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने लिखा, शर्मनाक! यह भाजपा की राजनीति है।
क्या इसे स्वीकार किया जाना चाहिए। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि पार्टी इस टिप्पणी से असहमत है। जयश्री हमारी बेटी की तरह है, भले ही उसके पिता के साथ हमारे राजनीतिक मतभेद हैं। इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।