
मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति को 236 सीटों के साथ भारी सफलता मिलने के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला आज यानी सोमवार को होने की संभावना जताई जा रही है। व्यस्त राजनीतिक घटनाक्रम के बीच भाजपा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से महायुति-एनडीए की जीत के मुख्य शिल्पकार भाजपा नेता देवेंद्र फड़नवीस को महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री के रूप में देखने की इच्छा जताई जा रही है। क्योंकि फडणवीस के नेतृत्व में ही भाजपा तीसरी बार 100 से अधिक सीटें जीतने में सफल रही है।
दूसरी ओर शिवसेना अध्यक्ष एकनाथ शिंदे भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल दिख रहे हैं। जबकि राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा है कि उनकी पार्टी भी चाहती है कि उनके नेता अजित पवार मुख्यमंत्री बने। लेकिन मुख्यमंत्री पद का फैसला महायुति के तीनों दल मिलकर करेंगे। अब गेंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के मुख्य रणनीतिकार अमित शाह के पाले में है। माना जा रहा है कि इन दोनों शीर्ष नेताओं की सहमति से महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री का फैसला सोमवार को हो जाएगा।














