
जांजगीर-चांपा। बिर्रा रोड एलीगेंट पब्लिक स्कूल से लेकर आगे रामा हॉस्पिटल तरफ के रोड लाइट महीनों से धूल खाते पड़ी है। बिर्रा रोड में न्यू रेलवे कालोनी एलीगेंट स्कूल से अगर कोई व्यक्ति शाम के बाद घाठोली तरफ आगे बढ़ेगा तो उसको अंधेरे में गुजरना पड़ेगा ये स्थिति एक महीने से बनी हुई है। ज्ञात हो कि चांपा नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 16 और 17 की आधी बस्ती बिर्रा रोड से घठोली चौक तक निवास करती है। लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि नगरपालिका क्षेत्र होने के बावजूद गांव से भी बदतर जिंदगी जीने मजबूर हैं। बरसात के दिनों में पानी की किल्लत से लोग परेशान रहते हैं और अब रोड लाइट खराब होने के कारण शाम के पहले ही घर के अंदर घुसकर रहना पड़ता है। बिर्रा रोड में रात में हाइवा जैसी बड़ी गाडिय़ा चलती है और रोड लाइट के नहीं होने से खतरा भी मंडराता है। उस एरिया के लोग नगरपालिका के सम्बंधित कर्मचारियों को इसकी सूचना दिवाली के पूर्व दे चुके हैं। लेकिन आज तक रोड की सभी लाइट खराब पड़ी है। इनका कहना है कि पालिका द्वारा हमसे सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। लोगों ने जल्द इस संबंध में पालिका का ध्यान देकर लाइट व्यवस्था को सुधारने की बात कही है। चांपा के बिर्रा रोड में आरओबी से लेकर घठोली चौक तक आए दिन भारी सडक़ दुर्घटना होती है सडक़ दुर्घटना में आए दिन लोगों की जान भी जाती है। कुछ दिनों पहले इसी रूट में हत्या की एक बड़ी वारदात हुई। वहीं अंधेरे की वजह से इस रूट 4 चोरी की घटनाएं भी आम बात हो चुकी है। इस रूट के लोगों का कहना है कि हम नगरपालिका को केवल टेक्स पटा रहे हैं लेकिन सुविधा नाम की चीज नहीं मिल पा रही है।





















