
अमृतसर, 0४ दिसम्बर ।
पंजाब के अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के बाहर बुधवार सुबह गोली चलने से हडक़ंप मच गया। हमले की यह कोशिश अकाली नेता सुखबीर सिंह बादल पर की गई, जो उस समय स्वर्ण मंदिर के गेट पर सेवा दे रहे थे।आरोपी की पहचान नारायण सिंह चौड़ा के रूप में हुई है। वह पंजाब के माझा का रहने वाला है और पहले भी आतंकी गतिविधियों में लिप्त रहा है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल को सोमवार को अकाल तख्त की ओर से धार्मिक सजा सुनाई गई थी। उन्हें दो दिन स्वर्ण मंदिर में सेवा की सजा मिली है।पैर की अंगुली में फ्रैक्चर होने के कारण बादल स्वर्ण मंदिर पर गेट पर बैठे कर सेवा दे रहे थे। तभी नारायण सिंह चौड़ा वहां पहुंचा और बादल पर गोली चलाने की कोशिश की। गनीमत रही कि आरोपी पर वहां मौजूद लोगों की नजर पड़ गई और उन्होंने उसे दबोच लिया। तत्काल पुलिस पहुंची और आरोपी को वहां से ले गई। इससे मंदिर के बाहर हंगामे की स्थिति बन गई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। साफ है कि बादल बाल-बाल बचे हैं, क्योंकि हमलावर और उनके बीच बहुत कम दूरी थी। अकाली नेताओं ने इसे आप सरकार की नाकामी बताया है।
बादल पर हमले की कोशिश की खबर सामने आने के बाद भाजपा ने भी आम आदमी पार्टी पर हमला बोला। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने मिलकर पंजाब को बर्बाद कर दिया है। बकौल मनजिंदर सिंह सिरसा, आज गैंगस्टर और अपराधी पंजाब को जेल से चला रहे हैं। अपराधी हथियार लेकर खुले घूम रहे हैं। आरोपी दो दिन से स्वर्ण मंदिर में था, तो कार्रवाई क्यों नहीं की गई।




























