
जम्मू। प्रतिबंधित आतंकी समूह खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (केजेडएफ) का प्रमुख रणजीत सिंह नीटा, आतंकवाद को शह देने के लिए पाकिस्तान से कश्मीरी व खालिस्तानी आतंकी संगठनों में समन्वय बना रहा है। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई उसका इस्तेमाल सीमा पार से हथियारों, नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए कर रहा है। सूत्रों के अनुसार नीटा इस समय आईएसआई के इशारे पर आतंकियों के स्लीपर सेल स्थापित करने के साथ युवाओं को भडक़ाने का काम कर रहा है। पंजाब के गुरदासपुर में पुलिस चौकी पर हमले के बाद मारे गए तीनों खालिस्तानी आतंकी 25 साल की आयु से कम हैं।
पंजाब में अपना नेटवर्क बढ़ा रहे नीटा के तार कश्मीर में सक्रिय कई आतंकी संगठनों से भी जुड़े हैं। जम्मू में पिछले कई सालों से खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स की कोई गतिविधि सामने नही आई है। प्रदेश में वर्ष 1998 में खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के डिप्टी कमांडर होने का दावा करने वाले धर्मवीर सिंह राजु की गिरफ्तारी के बाद कुछ खास नही हुआ है।




























