
सक्ती। नगर पंचायत अड़भार में नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा अधोसंरचना मद के अंतर्गत लगभग डेढ़ करोड़ रुपए और 15वें वित्त के अंतर्गत लगभग 82.45 लाख रुपए के नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कमलेश जांगड़े की सांसद निधि से स्वीकृत ढाई लाख रुपए की राशि से भी विकास कार्यों का भूमि पूजन हुआ। कार्यक्रम में अध्यक्षता के रूप में प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के कार्यसमिति सदस्य व चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र की भाजपा नेत्री संयोगिता सिंह जूदेव और नगर पंचायत अड़भार की अध्यक्ष दिशु बनियाराम रात्रे, अड़भार भाजपा मंडल के अध्यक्ष जीवेंद्र गबेल प्रमुख रुप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन नगर पंचायत के सीएमओ आनंद कुमार राय के दिशा निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर सीएमओ आनंद कुमार राय ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन नगरीय प्रशासन विकास विभाग की स्वीकृति के अनुरूप नए विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। अड़भार शहर में निरंतर विकास के काम हो रहे हैं। लोगों की जरूरतों व बिजली, पानी के लिए निरंतर नगर पंचायत क्षेत्र काम कर रहा है। अतिथि संयोगिता सिंह जूदेव व नगर पंचायत अड़भार की अध्यक्ष दिशु बनिया राम रात्रे ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में 2023 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सत्ता संभालते ही शहरी क्षेत्र का विकास तेजी से किया है। भाजपा सरकार लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए निरंतर ध्यान दे रहे है।



















