निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी भी खड़ा करेगी अपने प्रत्याशी: प्रियंका

अकलतरा। आम आदमी पार्टी बिलासपुर जोन का नव वर्ष मिलन समारोह नगर के कार्यालय में आयोजित हुआ। इसमें प्रदेश संगठन महामंत्री जसबीर सिंह चावला, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला, प्रदेश संगठन मंत्री अभिषेक मिश्रा, महिला विंग प्रदेश अध्यक्ष मिथिलेश बघेल उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला ने कहा कि कार्यकर्ता नई ऊर्जा के साथ नगरीय निकाय चुनाव व पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटने और आम आदमी पार्टी को जीत दिलवाने का संकल्प लें। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद लगातार अपराधी घटनाएं हो रही हैं। साथ ही प्रदेश में अवैध रूप से शराब व अन्य मादक पदार्थों की बिक्री जोरों पर है। इसके बाद बाद भी राज्य सरकार द्वारा कोई भी पहल नहीं की जा रही है। प्रदेश संगठन महामंत्री जसबीर सिंह चावला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा किसानों से प्रति क्विंटल 3100 रुपए धान खरीदी की घोषणा की गई थी। लेकिन प्रदेश में सरकार में आने के बाद 2300 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान हो रहा है। इससे किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। कार्यक्रम को अभिषेक मिश्रा व मिथिलेश बघेल ने भी संबोधित किया। पत्रकार मुकेश चंद्राकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव विनय गुप्ता ने किया। आभार प्रदर्शन हेमंत कश्यप ने किया। कार्यक्रम में ईश्वर साहू, टिकेश्वर चंद्रा, प्रकाश कमल, राकेश पटेल, अजय मनहर, मन्नू महंत व आदि मौजूद थे।

RO No. 13467/11