चीन सीमा पर आईटीबीपी ने तैनात की 6 नई बटालियन 56 चौकियों को भी अग्रिम मोर्चे पर लाया जा रहा

नईदिल्ली, 0८ जनवरी ।
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने बर्फीले मोर्चे पर परिचालन क्षमताओं को बढ़ाने की अपनी योजना के तहत भारत-चीन वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर छह नई बटालियनें तैनात की हैं। इस बल ने अपनी निर्धारित 56 सीमा चौकियों में से 33 को आगे बढ़ाया है। आईटीबीपी के महानिदेशक (डीजी) राहुल रसगोत्रा ने मंगलवार को ओडिशा के खोरधा जिले में बल के 63वें स्थापना दिवस परेड के दौरान यह बात कही। नक्सली हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में सीमा बल के अभियानों के बारे में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ के सबसे घने जंगल क्षेत्रों में जल्द ही कुछ अग्रिम ठिकाने बनाए जाएंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लगभग 90,000 जवानों वाला, पर्वतीय युद्ध में प्रशिक्षित अर्धसैनिक बल 24 अक्टूबर को अपना वार्षिक स्थापना दिवस मनाता है, लेकिन विभिन्न कारणों से औपचारिक कार्यक्रम दो महीने से अधिक समय तक विलंबित होता रहा।महानिदेशक ने कहा कि बल ने एक योजना तैयार की है, जिसके तहत एलएसी पर कुल 56 आईटीबीपी सीमा चौकियों को अग्रिम मोर्चे के करीब लाया जा रहा है। इनमें से 33 को पहले ही सीमा के करीब लाया जा चुका है।उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने कुछ समय पहले सीमा सुरक्षा कार्यों के लिए सात नई बटालियनों को मंजूरी दी है। इनमें से छह को अरुणाचल प्रदेश में एलएसी पर तैनात किया गया है, जबकि एक को सिक्किम में अग्रिम मोर्चे पर तैनात किया जा रहा है।रसगोत्रा ने बताया कि बल की प्रौद्योगिकी आधारित निगरानी क्षमताओं की समीक्षा की गई और कुछ कमियां पाए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया कि आगामी आधुनिकीकरण योजना के तहत इन कमियों को दूर किया जाएगा।

RO No. 13467/11