
जनकपुर। एमसीबी जिले के विकासखंड मुख्यालय जनकपुर सहित समूचे देश में इन दिनों भीषण ठंड का कहर जारी है, लेकिन नगर पंचायत जनकपुर द्वारा नगर के चौक चौराहे एवं भीड़ भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था नहीं करने से नगर के लोगों में ठण्ड का कहर बरपा हो रहा हैं। नगर में अलाव की व्यवस्था नहीं होने से ठंड में ठिठुरते लोगों को राहत नहीं मिल रही है। नगर पंचायत जनकपुर के जिम्मेदार कर्मचारियों के द्वारा अलाव के लिए लकड़ी नहीं देने से नगर के लोग कूडा-करकट और प्लास्टिक की पन्नियां जलाकर तापने को मजबूर हो रहें हैं। नगर में अलाव जलवाने में नगर पंचायत सहित स्थानीय जिम्मेदार प्रशासन भी लापरवाही बरत रहा है। जबकि पहले ग्राम पंचायत के द्वारा हर वर्ष ज्यादा ठण्ड पडऩे वाली एक माह में लोगों को ठंड से बचाने के लिए चिन्हित स्थानों में अलाव के लिए लकड़ी गिराई जाती थी, लेकिन जनकपुर ग्राम पंचायत से नगर पंचायत का दर्जा पाने के बाद पहली वर्ष में पडऩे वाली इस भीषण ठण्ड में अलाव की व्यवस्था नहीं होने से लोग परेशान है। वही पुराना व नया बस स्टैंड, जयस्तम्भ चौक, पुलिस थाना, अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने कहा कि नगर पंचायत अलाव जलवाने में लापरवाही बरत रहा है। जबकि नगरीय प्रशासन एवं जिला प्रशासन के द्वारा अलाव जलवाने के लिए निर्देश दिया गया है। नगर वासियों ने स्थानीय एवं जिले के जिम्मेदार प्रशासन से मांग की है कि इन दिनों क्षेत्र में ठंड ज्यादा पड़ रही है। इससे बचाव के लिए अलाव जलवाने के लिए पर्याप्त सूखी लकड़ी को चहल पहल वाले चिन्हित सार्वजनिक स्थानों में दी जाए।




















