
जोहान्सबर्ग। दक्षिण अफ्रीका में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां अवैध सोने की खदान में फंसे 100 मजदूरों की मौत की खबर है। यह मजदूर कई महीनों से खदान में फंसे थे। आशंका है कि भूख और प्यास की वजह से इन मजदूरों की मौत हुई है। खदान से करीब 26 अन्य मजदूरों को जीवित बचा लिया गया है। वहीं अब तक कुल 18 शवों को बाहर निकालने में कामयाबी मिली है। यह घटना स्टिलफोंटेन शहर के निकट बफेल्सफोंटेन में स्थित सोने की खदानों में हुई है। पहले शव के पोस्टमार्टम से पता चला है कि उसकी मौत भूख की वजह से हुई है। माइनिंग अफेक्टेड कम्युनिटीज यूनाइटेड इन एक्शन ग्रुप के प्रवक्ता सबेलो मंगुनी ने जानकारी दी कि कुछ मजदूरों को बचाया गया है। उनके साथ मोबाइल फोन में दो वीडियो को बाहर भेजा गया। इसमें प्लास्टिक में लिपटें दर्जनों शव दिखाई दे रहे हैं। मंगुनी ने कहा कि खदान में कम से कम 100 लोगों की मौत हुई है। आशंका है कि सभी मौतें भूख और प्यास के कारण हुई हैं। अब तक 18 शवों को बाहर निकाला जा चुका है। दक्षिण अफ्रीका के कुछ हिस्सों में अवैध खनन आम बात है। दरअसल, बड़ी कंपनियां कम लाभ वाली खदानों को एक समय के बाद बंद कर देती हैं। इसके बाद स्थानीय खनिकों के समूह अवैध तौर पर इन खदानों में सोने के बचे भंडार को खोजते हैं। नवंबर महीने में दक्षिण अफ्रीका की पुलिस ने इन अवैध खनिकों को निकालने के लिए एक अभियान चलाया।


































