
कोरबा। बांकीमोंगरा नगर पालिका परिषद के प्रथम चुनाव के लिए कार्यक्रम घोषित होना बाकी है लेकिन दावेदारी करने वाले सक्रिय हैं। भाजपा नेत्री प्राची प्रदीप अग्रवाल ने अध्यक्ष पद को लेकर पार्टी से टिकट की मांग की है। उन्होंने अपने कार्यों के बारे में उपर तक जानकारी भेजी है।
चार भाषाओं की जानकार प्राची लंबे समय से भाजपा से जुड़ी हुई हैं। भाजपा के साथ-साथ वे अग्रवाल महिला मंडल, राणी सती दादी महिला मंडल और अन्य सामाजिक संगठनों से जुडक़र काम करती रही हैं। सामाजिक कार्यों के अलावा गायन व नारी संचेतना से संबंधित विषयों पर उनका अच्छा अध्ययन रहा है और उन्होंने इसके माध्यम से व्यापक स्तर पर समुदाय को लाभान्वित करने का काम किया है। 41 वर्षीय प्राची के पति प्रदीप अग्रवाल भाजपा व्यापारी के उपाध्यक्ष हैं। पारिवारिक पृष्ठभूमि भाजपा के इर्द-गिर्द होने से प्राची वैचारिक रूप से काफी मजबूत हैं। उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की विष्णुदेव साय की योजनाओं पर फोकस करने के साथ लोगों को प्रेरित करने में भी भूमिका निभाई है। उन्होंने अपनी भूमिका के अधिकार पर नपा अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी की है। उनका कहना है कि यदि पार्टी अवसर देती है तो वे क्षेत्र के लिए सेवा का माध्यम बन सकेगी।






























