
लखनऊ, 2८ जनवरी ।
झांसी में समाज कल्याण विभाग के संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के 12वीं के छात्र रोहन ने सोमवार तडक़े छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि रोहन इंटर में अधिक अंक लाने के दबाव में था। इस घटना की जानकारी का संज्ञान लेते हुए समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, निदेशक समाज कल्याण कुमार प्रशांत ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। मौके पर ही प्रथम दृष्टया उत्तरदायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने पर विद्यालय की छात्रावास की सहायिका अंजली पाल और छात्रावास अधीक्षक प्रियंका दीक्षित को निलंबित कर दिया गया है। प्रधानाचार्य अवध किशोर वर्मा को शासन ने निलंबित कर दिया है। उपनिदेशक, समाज कल्याण झांसी मंडल विस्तृत जांच कर अपनी आख्या देंगे।मंत्री असीम अरुण ने कहा कि छात्र के आत्महत्या करने की घटना अत्यंत दु:खद है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। निदेशक कुमार प्रशांत ने बताया कि रोहन शुरू से इस विद्यालय में पढ़ रहा था। वह कक्षा एक से दसवीं तक होनहार छात्र था।रोहन को 11वीं के बाद पढऩे में कुछ दिक्कत आ रही थी। पिछले दिनों प्रीबोर्ड परीक्षा में भी रोहन फेल हो गया था। छह माह पहले रोहन की मां की मृत्यु हो चुकी है। जांच में पता चला कि शनिवार और रविवार को विद्यालय के प्रधानाचार्य व हॉस्टल के कर्मचारी बिना कोई सूचना के वहां से अपने घरों को चले जाते हैं।इस लापरवाही में छात्रावास अधीक्षक और सहायिका को मौके पर निलंबित कर दिया गया है। वहीं, प्रधानाचार्य का निलंबन शासन स्तर से हो गया है।


































