सऊदी अरब में भीषण सड़क हादसे में नौ भारतीयों की मौत, विदेश मंत्री जयशंकर ने जताया दुख, हेल्पलाइन नंबर जारी

नई दिल्ली। पश्चिमी सऊदी अरब के जीजान में एक सड़क दुर्घटना में नौ भारतीय नागरिकों की मौत हो गई। जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। दूतावास ने कहा कि वह पूरी सहायता प्रदान कर रहा है और अधिकारियों तथा पीडि़त परिवारों के संपर्क में है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि वह दुर्घटना और जानमाल के नुकसान के बारे में जानकर ‘दुखी’ हैं। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा दूतावास ने ‘एक्स’ पर कहा ‘हम सऊदी अरब के पश्चिमी क्षेत्र में जीजान के पास एक सड़क दुर्घटना में नौ भारतीय नागरिकों की दुखद मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। पीडि़त परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं। जेद्दा स्थित भारतीय का महावाणिज्य दूतावास पूरी सहायता प्रदान कर रहा है और अधिकारियों तथा परिवारों के संपर्क में है।
दूतावास ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की। साथ ही आगे की जानकारी प्राप्त करने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 8002440003 (टोल फ्री), 0122614093, 0126614276, 0556122301 (वॉट्सएप) स्थापित किया गया है।
दक्षिणी पोर्ट से जिजान जा रही थी बस
भारतीय मिशन के अनुसार जेद्दा में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने ‘एक्स’ पर बताया कि ‘दुर्घटना पश्चिमी क्षेत्र में जिजान के पास हुई। हादसे का शिकार हुए लोग दक्षिण पोर्ट से जिजान बस से जा रहे थे। ​तभी बस की एक अन्य वाहन से टक्कर हो गई। इस घटना में 15 मजदूरों की मौत की खबर है। इनमें 9 भारतीय शामिल थे।
इसके अलावा जिन अन्य देशों के मजदूर शामिल थे उनमें भारत के पड़ोसी देश नेपाल के 3 और अफ्रीकी देश घाना के भी 3 नागरिक शामिल थे। बस में कुल 26 लोग सवार थे। अधिकारियों ने मृतक के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

RO No. 13467/11