
फिरोजाबाद। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने आगरा मंडल प्रभारी डॉ. ज्ञान सिंह को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने और अनुशासनहीनता के आरोप में निष्कासित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद रविवार को पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा।
नगला करन सिंह निवासी डॉ. ज्ञान सिंह वर्तमान में आगरा मंडल प्रभारी पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वह बसपा सरकार में एस-एसटी आयोग के सदस्य, आगरा अलीगढ़ मंडल प्रभारी, लोकसभा प्रभारी, जिला प्रभारी व कोआर्डिनेटर आदि पदों पर रहे हैं।
ज्ञान सिंह को पहले भी दी गई थी चेतावनी
जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार वरुण ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने, अनुशासनहीनता करने पर निष्कासन किया है। इनको पूर्व में कई बार चेतावनी दी गई थी। वहीं डॉ. ज्ञान सिंह ने बताया कि वह शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलकर आए हैं। उनको जमीनी हकीकत बताई गई थी। कार्यकर्ताओं की बात कहना हमारी मजबूरी थी। हो सकता है कि उनको हमारी कुछ बातें अच्छी न लगी हों। उनके हर आदेश स्वीकार है।