
कोरबा। पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के लिए लगी चुनाव ड्यूटी को छोडक़र एक एसआई नशे में दूसरे क्षेत्र में घूम रहा था। ग्रामीणों ने उसे पकडक़र हंगामा किया तो पुलिस पहुंची। मेडिकल टेस्ट में शराब पीने की पुष्टि होने पर एसआई को निलंबित कर दिया है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में रविवार को पाली ब्लॉक में चुनाव था। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने मतदान दल के साथ पुलिस बल की एक दिन पहले ही मतदान केंद्रों समेत क्षेत्र में ड्यूटी लगाई गई थी। इससे पहले शनिवार रात करीब 10 बजे पाली ब्लॉक के नुनेरा चोकपारा में कुसमुंडा थाना में पदस्थ एसआई दादरैया सिंह ठाकुर को 100 ग्रामीणों ने पकड़ लिया। वर्दी में होते हुए भी उस पर शराब पीने का आरोप लगा रहे थे। पंचायत चुनाव में उसके द्वारा गड़बड़ी करने की आशंका जता रहे थे। मामले की सूचना एसपी सिद्धार्थ तिवारी समेत चुनाव अधिकारी को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर पाली पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों को समझाइश देते हुए बताया गया कि एसआई की ड्यूटी दूसरे क्षेत्र में लगी है। तब वे माने और एसआई को पुलिस के साथ जाने दिया। एसआई को पाली अस्पताल ले जाकर मेडिकल टेस्ट कराया गया। रिपोर्ट में शराब सेवन करना पाए जाने पर एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने एसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


























