
अध्यक्ष राजेन्द्र और पार्षदों को शपथ दिलाई एसडीएम ने
कोरबा। कोरबा जिले की नगर पालिका परिषद दीपका में अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत सहित पांचवीं बार जीत कर आए अरुणीश तिवारी एवं अन्य वार्डो से निर्वाचित पार्षदों का शपथ समारोह रविवार को नगर पालिका परिसर में संपन्न हुआ। कटघोरा के सब डिविजनल ऑफिसर रिवेन्यू रोहित सिंह के द्वारा उन्हें पद और गोपीनीयता की शपथ दिलाई गई। सबसे पहले अध्यक्ष और उसके बाद अलग-अलग समूह में पार्षद गण ने शपथ ली।
पूजा अर्चना के साथ शपथ समारोह का औपचारिक शुभारंभ हुआ। नगर पालिका प्रशासन की ओर से अतिथियों का स्वागत सत्कार किया गया। तत्पश्चात् निर्वाचित प्रतिनिधियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने इस कहा कि केंद्र के साथ प्रदेश और अब नगरी निकायों में भाजपा नेतृत्व को कम करने का अवसर प्राप्त हुआ है। निकाय चुनाव में जनता की ओर से हमें जनादेश प्राप्त हुआ है और हमारी प्रतिबद्धता है कि अगले 5 वर्ष तक निकायों को एक अच्छी दिशा देने का काम किया जाए। श्रम और उद्योग मंत्री देवांगन ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र दीपका कोयला खदान और छोटे उद्योगों से घिरा हुआ है। रेलवे कॉरिडोर के प्रारंभ होने से यहां पर औद्योगिक विकास और तेज होगा। लेकिन इससे पहले क्षेत्र के विकास और जन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए नगर पालिका को पर्याप्त संसाधन एवं धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी यह हमारा संकल्प है। निकाय चुनाव के दौरान जारी किए गए संकल्प पत्र के अंतर्गत भी उन्होंने सभी कार्यों को पूरा करने की बात कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यहां से निर्वाचित सभी प्रतिनिधियों को बधाई दी और आशा जताई कि वे अपनी भूमिका का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। श्री पटेल ने कहा केंद्र और प्रदेश में अच्छी सरकार होने से सभी क्षेत्रों को उनकी उम्मीद के हिसाब से फायदा होना ही है।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री मंत्री ननकी राम कंवर, दीपका प्रभारी राकेश तिवारी जिला भाजपा के अध्यक्ष मनोज शर्मा, जिला महामंत्री संतोष देवांगन भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य अशोक चावलानी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष संतोषी दीवान, संतोष गुप्ता, प्रफुल्ल तिवारी सहित मंडल अध्यक्ष, भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता नागरिक, तहसीलदार अमित केरकेट्टा, सीएमओ राजेश गुप्ता, अभियंता विद्यानंद मधुकर काफी संख्या में उपस्थित रहे।
जनता ने भाजपा को दिया जनादेश : मनोज
जिला भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष मनोज शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के तथा कथित नेताओं के द्वारा शपथ ग्रहण समारोह को असफल करने की पूरी कोशिश की गई और अनेक बाधा डालने का पुरजोर प्रयास किया गया। वह अपने आदत से बाज नहीं आते जनता जनार्दन ने सफलतापूर्वक शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेते हुए समारोह को सफल किया और 15 पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ अध्यक्ष के साथ ली कांग्रेसियों को हारने के बाद भी हार स्वीकार करने की आदत नहीं है। जनता ने पूरी तरह से सुपड़ा साफ कर दिया है और दीपका नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत हुई है इसके बाद भी वह अपनी आदत से बाज नहीं आ रहे हैं और खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे की कहावत चरितार्थ कर रहे हैं जबकि यह कार्यक्रम पूर्ण रूप से सरकारी था और प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा गया था।
कांग्रेस पार्षदों ने किया किनारा
फ्लैक्स में सांसद ज्योत्सना महंत की फोटो नहीं लगाने से नाराज होकर कांग्रेस पार्षद इस कार्यक्रम से दूर रहे। उन्होंने इस कार्यक्रम में शपथ नहीं ली। अध्यक्ष पद का चुनाव हारने वाले विशाल शुक्ला ने कहा कि सदन में भी शपथ लेने का प्रावधान है।




























