मौसम में बदलाव के साथ लोग हो रहे बीमार, ओपीडी में बढ़ी भीड़

जांजगीर। मौसम में आए बदलाव व गर्मी का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर दिखने लगा है। मौसम के साथ ही अब अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या भी बढऩे लगी है। बुधवार को जांजगीर का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई, जबकि गुरुवार को यह आंकड़ा 42 डिग्री तक जा पहुंच गया था। बढ़ते तापमान के बीच इन दिनों जिला अस्पताल में गैस्ट्रोएंटेराइटिस, लूज मोशन, सर्दी-खांसी व डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या 20 से 25 फीसदी तक बढ़ गई है।
पिछले कुछ दिनों से जिला अस्पताल में रोजाना 400 से 500 मरीजों का इलाज ओपीडी में किया जा रहा है। वहीं बुधवार को 589 मरीज इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। वहीं गुरुवार को आंकड़ा लगभग 600 तक पहुंच गया। इनमें करीब 100 मरीज पेट संबंधी शिकायत लेकर आए थे। डॉक्टरों के अनुसार, खानपान में बदलाव कर बदलते मौसम में भी स्वस्थ रहा जा सकता है। इन दिनों पेट संक्रमण से पीडि़त मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। डॉक्टरों के अनुसार पानी को 20 मिनट तक उबालकर पीएं, वरना संक्रमण बढ़ सकता है। स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
जिला नोडल अधिकारी डॉ. दीपक साहू ने बताया कि मौसम में बदलाव से पेट से जुड़ी समस्याओं की शिकायतें बढ़ी हैं। इनमें डायरिया, उल्टी, गैस, पेट दर्द व डिहाइड्रेशन के मामले सबसे ज्यादा हैं। इसके अलावा सर्दी, खांसी व गले में खराश वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। डॉक्टरों ने बताया कि बदलते मौसम में शरीर की इम्युनिटी कमजोर हो जाती है। तापमान में तेजी से बदलाव होने से वायरस और बैक्टीरिया पनपने लगते हैं।पर्याप्त पानी नहीं पीने के कारण होता है डिहाइड्रेशन डॉ. दीपक साहू ने बताया कि शरीर से बाहर निकलने वाला पानी शरीर में जाने वाले पानी से ज़्यादा होने पर डिहाइड्रेशन होता है। इसके कई कारण हो सकते हैं। जैसे पर्याप्त पानी नहीं पीना, ज्यादा पसीना आना, दस्त व उल्टी, बुखार तथा मूत्रवर्धक व बीपी की दवाएं व किडनी की खराबी हो सकती है।

RO No. 13467/9