
Myanmar Earthquake Live: शुक्रवार दोपहर को म्यांमार में 7.4 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके झटके बैंकॉक और थाईलैंड के कई हिस्सों में महसूस किए गए। भूकंप के कारण सैकड़ों लोग बैंकॉक में हिलती इमारतों से बाहर निकल आए। सोशल मीडिया पर कई पोस्ट में स्विमिंग पूल से पानी निकलता हुआ दिखाई दिया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत किसी भी तरह की सहायता देने के लिए तैयार है।
ओडिशा के सीएम ने जताई चिंता
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने म्यांमार और थाईलैंड में आए विनाशकारी भूकंप पर चिंता व्यक्त की। भूकंप ने थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक कई हिस्सों को हिलाकर रख दिया। यहां अगले सप्ताह बिम्सटेक क्षेत्रीय समूह का शिखर सम्मेलन होना है, जिसमें अन्य नेताओं के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भाग लेंगे।
चीन में एक मिनट तक हिलती रहीं इमारतें
म्यांमार की सीमा से लगे दक्षिण-पश्चिमी चीन के युन्नान प्रांत में शुक्रवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, युन्नान में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। जिंगहोंग शहर के निवासी ली झिहाओ ने कहा कि उन्होंने करीब एक मिनट तक भूकंप का झटका महसूस किया।
बांग्लादेश में भी महसूस हुए झटके
शुक्रवार को म्यांमार में आए 7.7 तीव्रता के भूकंप के झटके ढाका और चटगांव समेत बांग्लादेश के कई इलाकों में महसूस किए गए। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बता दें कि ढाका से भूकंप के केंद्र की दूरी 597 किलोमीटर है।
संयुक्त राष्ट्र ने जारी किया बयान
संयुक्त राष्ट्र मानवीय मामलों के कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा कि शुक्रवार को म्यांमार में आए 7.7 तीव्रता के भूकंप के प्रभाव की प्रारंभिक रिपोर्ट से देश के मध्य भाग में काफी नुकसान पहुंचने की आशंका है। प्रवक्ता ने कहा, हम प्रभावित लोगों, बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान और तत्काल मानवीय जरूरतों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।
म्यांमार में भूकंप के बाद तबाही का मंजर
म्यांमार में तबाही की कई तस्वीरें सामने आ रही हैं। कई इमारतें ढह चुकी हैं। एक्सप्रेसवे को नुकसान पहुंचा है और पुल गिर गए हैं।
म्यांमार में 20 लोगों की मौत
म्यांमार में आए 7.7 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप के बाद 20 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। एक मस्जिद के ढह जाने से भी कई लोग मारे गए हैं। भूकंप के झटके म्यांमार, थाईलैंड, पूर्वोत्तर भारत और चीन के कुछ हिस्सों में महसूस किए।
म्यांमार में भूकंप से 2 पुल ढहे
भूकंप के तेज झटकों के बाद म्यांमार में दो पुल ढह गए हैं। एक ही दिन में म्यांमार में भूकंप के झटके 6 बार महसूस किए गए हैं।
भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया
बैंकॉक स्थित भारतीय दूतावास ने थाईलैंड में भारतीय नागरिकों के लिए आपातकालीन नंबर +66 618819218 जारी किया है। इस नंबर का उपयोग आपात स्थिति में किया जा सकता है। दूतावास ने बयान जारी कर कहा है कि थाई अधिकारियों के साथ समन्वय में स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। अब तक किसी भी भारतीय नागरिक से जुड़ी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
थाईलैंड में तीन लोगों की मौत
बैंकॉक के गवर्नर ने बताया कि पड़ोसी देश म्यांमार में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद थाईलैंड की राजधानी में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को बैंकॉक में इमारतों को हुए नुकसान के बारे में 169 कॉल मिले हैं। बैंकॉक में शहरी रेल प्रणाली अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है, लेकिन शनिवार को सेवाएं फिर से शुरू होने की उम्मीद है।






















