
नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के काफिले में शामिल एक कार में भीषण धमाके के बाद आग लग गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा बलों ने आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। घटना सेंट्रल मॉस्को की बताई जा रही है। जिस कार में आग लगी है उसका नाम ऑरस लिमोसिन है। इस कार का निर्माण रूस में होता है। धूं-धूं कर जलती कार का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। द सन की रिपोर्ट के मुताबिक मॉस्को के लुब्यंका में एफएसबी गुप्त सेवा मुख्यालय के नजदीक कार में आग लगी है। अभी तक अधिकारियों ने यह जानकारी नहीं दी है कि कार में कौन सवार था, आग लगने की वजह क्या है। अभी तक किसी के घायल होने की भी सूचना नहीं है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि आग कार के इंजन में लगी है।



















