दिल्ली पुलिस ने किया फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ मृतकों के नाम पर लोन लेने वाला गिरफ्तार

नई दिल्ली 07 अप्रैल। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने लंबे समय से फरार चल रहे एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है, जो कई सालों से मृत लोगों के फर्जी दस्तावेज और पहचान पत्र का इस्तेमाल कर करोड़ों रुपये का बैंक लोन हड़प रहा था। आरोपी की पहचान नंद नगरी निवासी सुरेश कुमार के रूप में हुई है। वह साइबर कैफे चलाता है। इस काम की आड़ में वह फर्जी दस्तावेज तैयार करता था, जिसमें फर्जी सेल डीड, ई-स्टांप पेपर और फर्जी रबर स्टांप शामिल हैं। आरोपी ने दर्जनों लोगों की पहचान चुराकर मृत व्यक्तियों के नाम पर फर्जी बैंक खाते और लोन आवेदन तक तैयार कर लिए थे। ईओडब्ल्यू की उपायुक्त अमृता गुगुलोथ के अनुसार, 4 जुलाई 2015 को सोनल जैन की शिकायत पर सरिता विहार थाने में मामला दर्ज किया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने शालीमार बाग में उनके फ्लैट के जाली दस्तावेज तैयार किए और उक्त जाली दस्तावेजों को ओवरड्राफ्ट सुरक्षा के रूप में जमा करने के बाद कॉरपोरेशन बैंक, आली गांव, सरिता विहार शाखा से 3.2 करोड़ रुपये की सुरक्षा सुविधा का लाभ उठाया।

RO No. 13467/11