आखिर कैसे बेउर जेल के अंदर पहुंचा मोबाइल फोन, उपयोग करते पकड़ा गया कुख्यात, 2 घंटे तक मची रही अफरातफरी

पटना, 0७ अप्रैल ।
बेउर जेल में बंद कुख्यात अपराधी को मोबाइल का उपयोग करते हुए रविवार को रंगेहाथ दबोच लिया गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसके पूरे वार्ड को खंगाला। उसके वार्ड में दो घंटे तक छापेमारी की गई।वार्ड की तलाशी लेने पर सुरक्षाकर्मियों को चार स्मार्टफोन और चार्जर और डाटा केबल बरामद हुआ, जिसे कारा प्रशासन ने जब्त कर लिया। वह इंटरनेट कॉलिंग के माध्यम से अपने गुर्गों के संपर्क में रहता था और जेल से ही वारदातों की साजिश रचता था। प्रभारी मुख्य उच्च कक्षपाल गिरीज यादव की लिखित शिकायत पर बेउर थाने में रवि गोप के खिलाफ प्राथमिकी की गई। साथ ही रवि गोप को हाई सिक्योरिटी सेल में बंद कर दिया गया। जेल अधीक्षक नीरज कुमार झा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। सूत्र बताते हैं कि हाल के दिनों में पटना सिटी इलाके में हुई वारदातों में दबोचे गए अपराधियों के पास से मोबाइल मिले थे। उसका विश्लेषण करने पर मालूम हुआ कि बेउर जेल से रवि गोप अपराधियों के संपर्क में था।
पुलिस की सूचना पर जेल प्रशासन सक्रिय हुआ और दोपहर में गोदवारी खंड के वार्ड में छापेमारी की गई, जहां रवि गोप को रखा गया था। उसके पास से मिले मोबाइल से पता लगाया जा रहा है कि वह किन अपराधियों के संपर्क में था। कहां वारदात की जानी थी और किससे रंगदारी मांगी जा रही थी। अब कारा प्रशासन उसे दूसरी जेल में शिफ्ट करने की तैयारी में है। गौर हो कि इससे पहले भी रवि गोप को भागलपुर आदर्श केंद्रीय कारा में भेजा गया था, लेकिन कुछ महीने बाद कानूनी दाव-पेंच लगा कर वह लौट आया।

RO No. 13467/11