
रायपुर 13 अप्रैल। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन किया और कहा, देश में इमरजेंसी लगाने वाली कांग्रेस के मुंह से संविधान की बात शोभा नहीं देती। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के तेलीबांधा तालाब से ‘जय भीम पदयात्रा’ का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री युवाओं के साथ हुए पदयात्रा में शामिल मुख्यमंत्री स्वयं इस पदयात्रा में युवाओं के साथ शामिल हुए और पदयात्रा के अंतिम पड़ाव में अंबेडकर चौक स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया और संविधान की मूल भावना के प्रति निष्ठा और प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए प्रिएम्बल वाल पर अपने हस्ताक्षर किए। उल्लेखनीय है कि ‘जय भीम पदयात्रा’ का आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग और नेहरू युवा केंद्र संगठन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था।यह पहली बार है जब राज्यों की राजधानियों में एक राष्ट्रव्यापी पदयात्रा आयोजित की जा रही है, जिसमें बाबासाहेब के समानता, न्याय और बंधुत्व के दृष्टिकोण के प्रति सामूहिक श्रद्धांजलि के रूप में हजारों युवाओं को एकजुट किया जाएगा। इस मार्ग में अंबेडकर के उद्धरणों के साथ श्रद्धांजलि स्थल, सामाजिक सुधार पर जीवंत नुक्कड़ नाटक, युवाओं के लिए प्रतिज्ञा स्थल और उनकी विरासत से प्रेरित संगीत-नाट्य कार्यक्रम हो रहे है। इस जय भीम पदयात्रा में माय भारत के स्वयंसेवकों की ओर से राष्ट्रव्यापी प्रस्तावना वाचन और सभी जिलों में अंबेडकर स्मारकों पर प्रतिमा सफाई अभियान शामिल हैं, जो संवैधानिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारी के प्रति एकजुट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।