
जांजगीर-चांपा। जिले के नए व 22 वें कलेक्टर जनमेजय महोबे होंगे। वे इससे पहले नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक और अतिरिक्त प्रभार संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग पद पर पदस्थ थे। पदभार ग्रहण करते ही उनके समक्ष जल की किल्लत से निपटने के साथ ही जिलेवासियों को साफ पानी उपलब्ध कराना चुनौती रहेगी। अब तक जल आवर्धन योजना के तहत काम पूरा नहीं हो पाया है। नतीजतन शुद्ध पानी नहीं मिल पाया है। इसके अलावा शहर का ड्रेनेज सिस्टम, व्यवस्थित बाजार, नैला में ओवरब्रिज निर्माण जैसी चुनौतियां उनके समक्ष रहेगी।
इसके पहले रहे कलेक्टर भी अपने स्तर पर योजना को पूरा कराने प्रयास किए लेकिन काम अधूरा ही रहा। शनिवार को राज्य शासन ने 41 आईएएस अफसरों का तबादला किया है। कलेक्टर आकाश छिकारा को अस्थायी तौर पर आगामी आदेश तक उप सचिव आवास एवं पर्यावरण विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। साथ ही उन्हें अतिरिक्त प्रभार के तौर पर रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वाणिज्यकर विभाग आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी जनमेजय महोबे उप सचिव वाणिज्यिक कर (आबकारी) की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। 2017 अगस्त में राजभवन सचिवालय के उपसचिव, मई 2019 में छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि निगम प्रबंध संचालक भी रहे। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास के डिप्टी डायरेक्टर रह चुके हैं। कोरोना काल के दौरान वे कवर्धा के कलेक्टर बने थे।


























