
यात्रियों का दबाव ज्यादा, सुविधाएं नगण्य
कोरबा। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पावर सिटी कोरबा के डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी बस स्टैंड में गर्मी मौसम में यात्रियों के सामने परेशानी है। व्यवस्था के अंतर्गत नगर पालिका निगम ने बस स्टैंड की भीतरी हिस्से में प्रतीक्षालय तो बना दिया है लेकिन अपनी सुविधा के लिए लोग बाहर की गैलरी में बैठकर विभिन्न मार्गों के लिए बसों की प्रतीक्षा करते हैं। इस सीजन में गर्मी के कारण परेशानियां है इसलिए जरूरत महसूस की जा रही है कि बड़े हिस्से में शेड की व्यवस्था की जानी चाहिए।
लोगों का कहना है कि शेड बन जाने से न केवल गर्मी में बचाव होगा बल्कि बारिश में भी मुश्किल कम होगी। लोगों का कहना है कि प्रतीक्षालय का डेरा वाकई बड़ा है लेकिन वहां बैठने की व्यवस्था सीमित है और इसलिए उन्हें अपने गंतव्य तक जाने के लिए बाहरी परिसर का उपयोग करना ही पड़ता है। जानकारी लेने के मामले में भी यह परिसर लोगों की नजर में उपयुक्त प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में खुले आसमान के नीचे बैठकर बस की प्रतीक्षा करनी काफी महंगी पड़ रही है और ऐसे में समस्याएं भी बढ़ जाती है। इसलिए सुविधा की जरूरत है बस स्टैंड वेलफेयर एसोसिएशन के एक प्रतिनिधि ने बताया कि इसी क्षेत्र में प्रसाधन गृह और पेयजल की सुविधा भी होना चाहिए। यह बात अलग है कि एक वाटर एटीएम बस स्टैंड परिसर में चल रहा है और नजदीक में ही सुलभ इंटरनेशनल के द्वारा प्रसाधन की व्यवस्था कराई गई है लेकिन हजारों की संख्या में लोगों के प्रतिदिन आने जाने के कारण यह सुविधा पर्याप्त साबित हो रही है।
विभिन्न राज्यों के लिए जाती है बसें
कोरबा से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि उत्तर प्रदेश, झारखंड , बिहार, उड़ीसा और मध्य प्रदेश राज्यों के लिए यात्री बस का संचालन हो रहा है। इनके माध्यम से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री अनेक स्थान की ओर यात्रा करते हैं। इस नाते भी बस स्टैंड में सुविधाओं को बढ़ाना जरूरी हो गया है।





























