
हसौद। किकिरदा गांव में खुलेआम अवैध कच्ची महुआ शराब की बिक्री हो रही है। पंचायत के प्रतिबंध के बावजूद महिला धड़ल्ले से शराब बेच रही है। बिर्रा पुलिस और आबकारी विभाग को जानकारी होने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही। इससे शराब बेचने वालों के हौसले बुलंद हैं।
गांव की बीच बस्ती में एक महिला लंबे समय से कच्ची शराब बेच रही है। ग्रामीणों और पंचायत ने कई बार बिर्रा पुलिस और आबकारी विभाग को इसकी जानकारी दी। फिर भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पंचायत ने ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित कर गांव में शराब बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय लिया था। कोटवार के माध्य२म से गांव में सूचना भी दी गई। इसके बावजूद महिला खुलेआम शराब बेच रही है।
महिला की दबंगई भी सामने आई है। वह खुलेआम कह रही है कि वह शराब बेचेगी और कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। गांव की बस्ती में शराब बिक्री के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा है। शाम होते ही नशे में धुत लोग हुड़दंग मचाते हैं। महिलाएं शाम को घर से बाहर नहीं निकल पातीं।
आज उप सरपंच प्रतिनिधि और पंच महिला को समझाने पहुंचे। उन्होंने शराब बिक्री बंद करने को कहा। लेकिन महिला ने उन्हें भी खुलेआम चुनौती दी। उसने साफ कहा कि वह शराब बेचना बंद नहीं करेगी। इससे साफ है कि महिला को बिर्रा पुलिस और आबकारी विभाग का संरक्षण प्राप्त है।




















