16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगाया गया, पाकिस्तान के खिलाफ लगातार एक्शन जारी

नईदिल्ली, २८ अप्रैल ।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भडक़ाऊ और संवेदनशील सांप्रदायिक सामग्री फैलाने के लिए भारत ने कई पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर कड़ी कार्रवाई की है। कुल 63 मिलियन सब्सक्राइबर वाले 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिन चैनलों पर प्रतिबंध लगाया गया है, उनमें पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शोण्ब अख्तर का यूट्यूब चैनल भी शामिल है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की सिफारिशों के बाद यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगाया गया है। गृह मंत्रालय की सिफारिशों पर सरकार ने भारत, उसकी सेना और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ भडक़ाऊ झूठे, भ्रामक बयान और गलत सूचना प्रसारित करने के लिए ये फैसला लिया है। डॉन न्यूज, समा टीवी, जियो न्यूज सहित 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। पहलगा अटैक के बाद से भारत पाकिस्तान के लिए ताबड़तोड़ फैसले ले रहा है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (सीसीएस) की बैठक में भारत ने सिंधु जल समझौते को रोकने का फैसला लिया था। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि भारत ने सिंधु जल समझौते को फिलहाल रोकने का निर्णय लिया है। यह कदम भारत-पाकिस्तान संबंधों में बढ़ते तनाव के मद्देनजर उठाया गया है। इसके साथ ही, सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों को सार्क के तहत जारी किए गए सभी वीजा छूट रद करने का फैसला भी किया है। इसके अलावा भारत में मौजूद पाकिस्तानी दूतावास को बंद करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। केंद्र सरकार ने पाकिस्तानी राजनयिकों को 48 घंटे के भीतर भारत छोडऩे का निर्देश दिया है।
पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 मासूम लोगों ने अपनी जान गवां दी। इसके बाद से पूरे देश में गुस्से का माहौल है। इसके बाद से भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी रणनीतियों को कड़ा कर दिया है।

RO No. 13467/10