
बठिंडा, 0६ मई ।
बीती 2 मई को बठिंडा-बरनाला रोड पर दिनदिहाड़े शराब ठेका लूटने वाले तीन लुटेरों को रविवार देर रात पकडऩे गई सीआईए स्टाफ वन की पुलिस टीम पर एक लुटेरे ने फायरिंग कर दी।जिसमें टीम को लीड कर रहे सीआईए स्टाफ के एएसआई सुखप्रीत सिंह के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि तीनों लुटेरे मौके से फरार हो गए। घायल एएसआई को पहले सिविल अस्पताल बठिंडा में दाखिल करवाया गया। जिसके बाद उसे एम्स बठिंडा में रेफर कर दिया गया। इस घटना के बाद अलर्ट हुई पुलिस टीम ने आरोपितों की तलाश के लिए जिले में भर में नाकाबंदी कर दी। जिसके बाद सीआईए स्टाफ की दूसरी टीम ने आरोपितों को परसराम नगर के एरिया में पकडऩे की कोशिश की, तो उन्होंने दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग की।जिसके बाद पुलिस टीम ने जबावी फायरिंग की और दो लुटेरों को गोली लगने से वह घायल हो गए, जबकि एक आरोपित ने सरेंडर कर दिया। जिसके बाद पुलिस टीम ने घायल लुटेरों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जबकि तीनों आरोपितों के खिलाफ थाना कैनाल कालोनी में इरादा हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।गिरफ्तार लुटेरों की पहचान कोठे अमरपुरा निवासी अमरजीत सिंह, गुरु गोबिंद सिंह नगर निवासी राजीव और परसराम नगर निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है। एसएसपी का कहना है कि पुलिस तीनों आरोपितों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल कर पूछताछ करेगी, ताकि उनके अपराधिक रिकार्ड के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। एसएसपी अमनीत कौंडल ने बताया कि बीती दो मई को थाना कैंट एरिया में आती बरनाला रोड रिल्यांस माल के सामने स्थित एक शराब के ठेके से अज्ञात लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर ठेके के कारिंदे राम प्रताप से 10 हजार रुपये की नगदी व उसका मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
जिसके बाद थाना कैंट पुलिस ने दो अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। इस मामले को ट्रेस करने के लिए थाना कैंट व सीआईए स्टाफ वन की टीम संयुक्त रूप से काम कर रही थी। एसएसपी ने बताया कि रविवार को पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ठेका पर लूट करने वाला आरोपित अमरजीत सिंह और राजीव कुमार अपने दोस्त रोहित कुमार के पास उसके घर पर छिपे हुए है।सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ के एएसआई सुखप्रीत सिंह अपने साथियों समेत रोहित के घर परसराम नगर में पहुंचे, तो वहां पर मौजूद आरोपित अमरजीत सिंह ने पुलिस टीम पर लगातार तीन फायर कर दिए, जिनमें से एक गोली एएसआई सुखप्रीत सिंह की टांग पर लगी और वह घायल हो गए, जबकि तीनों आरोपित वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। वहीं घायल एएसआई को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवा दिया गया।
एसएसपी ने बताया कि उक्त वारदात के बाद पुलिस की विभिन्न टीमों ने आरोपित अमरजीत सिंह, राजीव कुमार, रोहित की तलाश शुरू कर दी, तो पुलिस ने रविवार देर रात को परसराम नगर सरहिंद नहर बहमण पुल के पास तीनों आरोपितों को घेर लिया था।इस दौरान आरोपित अमरजीत ने दोबारा से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, तो सीआईए की टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपितों पर फायरिंग कर दी। जिसमें आरोपित अमरजीत सिंह और राजीव कुमार की टांग पर एक-एक गोली लगी, जबकि उनके तीसरे साथी रोहित ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।एसएसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने घायल आरोपितों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। पुलिस ने आरोपितों से एक हथियार बरामद किया है, जिसकी जांच चल रही कि आरोपित उक्त हथियार को अणैध तौर पर लेकर आए थे या फिर किसी व्यक्ति का लाइसेंसी हथियार था। एसएसपी ने बताया कि उक्त तीनों आरोपितों के खिलाफ थाना कैनाल कालोनी में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अमरजीत और राजीव ने ठेके को लूटा था और अमरजीत सिंह ने दोनों जगहों पर पुलिस टीम पर गोलियां चलाई थीं। उन्होंने बताया कि अमरजीत के खिलाफ पहले भी लूट के तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस फिलहाल मामले की गहराई से जांच कर रही है।



























