
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र अंतर्गत लिब्रा घाट पर एक आरक्षक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी हमिदुल हक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके साथ नसीमूल हक और निजामुल हक को भी हिरासत में लिया है। अब तक इस मामले में कुल 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें से 7 आरोपी एक ही परिवार के सदस्य हैं। पुलिस ने घटनास्थल से तीन ट्रैक्टर भी जब्त किए हैं। जांच के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस वारदात को अंजाम देने के पीछे आरोपी हमिदुल और निजामुल को उनके पिता नसीमूल हक ने उकसाया था। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है। इससे पहले पुलिस ने आरीफूल हक, जमील अंसारी, उपेन्दर कोरवा, शकील अंसारी और अकबर अंसारी को गिरफ्तार किया था। यह पूरी घटना उस समय हुई जब वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम लिब्रा घाट पर अवैध रेत खनन की शिकायत के बाद मौके पर पहुंची थी। टीम ने जब झारखंड से आए रेत माफियाओं को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने हमला कर दिया और आरक्षक शिव भजन सिंह को ट्रैक्टर से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आईजी और एसपी वैभव बैंकर भी घटनास्थल पर पहुंचे थे।























