
कोरबा । कोरबा जिलान्तर्गत करतला विकासखंड के छातापाठ मंदिर प्रांगण में सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का भूमि पूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत करतला की सरपंच श्रीमती फुलबाई राठिया ने की। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया, चंद्रवंशी राठिया समाज उत्थान समिति के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद राठिया, ठाकुर देव ट्रस्ट के सचिव जनक राम राठिया, ग्राम पटेल नत्थू सिंह राठिया, जनपद सरपंच संघ अध्यक्ष रामेश्वर सिंह राठिया सहित अनेक गणमान्य अतिथि मंचासीन रहे। कार्यक्रम की शुरुआत समाज के आराध्य देव ठाकुर देव एवं छातापाठ बाबा की पारंपरिक पूजा-अर्चना से हुई, जिसे समाज के बैगाओं द्वारा संपन्न किया गया। तत्पश्चात मनमोहन सिंह राठिया ने सभी अतिथियों का स्वागत उद्बोधन के माध्यम से किया। मुख्य अतिथि विधायक फूलसिंह राठिया ने कहा की समाज ने मुझे चुनकर जो जिम्मेदारी दी है, उसका निर्वहन करना मेरा कर्तव्य है। यह सामुदायिक भवन समाज को समर्पित मेरी पहल का एक छोटा सा हिस्सा है। जब तक मैं विधायक हूं, तब तक इस क्षेत्र का निरंतर विकास करता रहूंगा।उन्होंने समाज में बढ़ती नशाखोरी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है, और इससे निपटने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। इस अवसर पर राठिया समाज के गणमान्य व्यक्ति, सरपंच, बीडीसी सदस्य, महिला मंडल एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




























