
सवाल उठ रहा-कितनी टिकाऊ साबित होगी सडक़
कोरबा। दीपका क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल प्रबंधन द्वारा प्रगति नगर कॉलोनी में सडक़ डामरीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। लंबे समय से जर्जर हालात में पड़ी कॉलोनी की सडक़ों ने स्थानीय निवासियों को धूल-धक्कड़ और असुविधा के बीच जीने को मजबूर कर दिया था। लेकिन अब, इस पहल से कॉलोनीवासियों को बड़ी राहत मिली है। इसके साथ अब यह सवाल उठ रहा है कि सडक़ कितने समय तक टिक सकेगी।
कॉलोनी में पहले सडक़ों की हालत काफी खराब थी। गड्ढों और टूटी सडक़ की वजह से जहां वाहनों की आवाजाही में कठिनाई होती थी, वहीं धूल उडऩे से स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा था। विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को इससे अधिक परेशानी होती थी। समस्या को गंभीरता से लेते हुए दीपका क्षेत्रीय प्रबंधन ने कॉलोनी की सडक़ों की मरम्मत और डामरीकरण का कार्य शुरू कराया। पूरे कॉलोनी क्षेत्र में सभी प्रमुख और आंतरिक मार्गों को दुरुस्त किया गया है, जिससे अब आने-जाने में सुविधा के साथ-साथ कॉलोनी की सुंदरता बढ़ी है। प्रगति नगर कॉलोनी निवासी प्रीति जायसवाल ने बताया, नई सडक़ें बनने से अब कॉलोनी का पूरा माहौल ही बदल गया है। न सिर्फ धूल-मिट्टी से राहत मिली है, बल्कि कॉलोनी और अधिक सुंदर और सुव्यवस्थित लगने लगी है। सडक़ की दशा बदले जाने से लोगों की नाराजगी कम हुई है लेकिन इसी के साथ हम इस प्रकार के सवाल भी उठ खड़े हो रहे हैं कि आनन फानन में किए गए इस काम के बाद इस सडक़ की सस्पेंसिबिलिटी आने वाले दिनों में स्पष्ट होगी।























