
नई दिल्ली। दिल्ली में शाहदरा थाना क्षेत्र में एक इमारत में ग्राउंड फ्लोर पर आग लगने से अफरातफरी मच गई। इस दौरान वहां मौजूद दो बच्चों समेत छह लोगों को धुएं की वजह से दिक्कत हुई। बताया गया कि उनका दम घुटने लगा था, तभी आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, इन सभी को जीटीबी अस्पताल में रेफर किया गया है। बताया गया कि इस हादसे में एक व्यक्ति झुलस गया है। उसकी पहचान 30 वर्षीय सन्नी के रूप में हुई है। फिलहाल उसका भी उपचार चल रहा है। बताया गया कि बिल्डिंग में ई-रिक्शा चार्ज किया जा रहा है। इस दौरान आग लग गई। उधर, मौके पर पहुंची पुलिस फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने का कारण बताया गया है।



























